
गरीब दुकानदारों को मिला रोजगार का मंच, महापौर ने की स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने की अपील
राजू अनेजा, काशीपुर।दीपावली के त्योहार पर बाजार में स्वदेशी उत्पादों की रौनक बढ़ाने और गरीब दुकानदारों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए महापौर दीपक बाली ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। नगर निगम परिसर में दूसरी बार आयोजित भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का सोमवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से विदेशी सामान के बजाय स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय दुकानदारों और स्वयं सहायता समूहों से खरीदारी करना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने का माध्यम है।
पुरानी जेल से हटे दुकानदारों को दीपक बाली ने दिया नया ठिकाना
दरअसल, पहले दीपावली स्वदेशी मेले का आयोजन जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में होता था। लेकिन वहां मल्टीपार्किंग का निर्माण शुरू होने के कारण मेले के आयोजन पर संकट खड़ा हो गया था। इससे छोटे और गरीब दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा होने लगा था। दुकानदारों की परेशानी को समझते हुए महापौर दीपक बाली ने पिछले वर्ष नगर निगम परिसर में मेले के आयोजन की पहल की थी। यह प्रयोग सफल रहा और दुकानदारों को एक बेहतर मंच मिला। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी नगर निगम परिसर में मेले का आयोजन किया गया है।
53 दुकानों में सजे स्वदेशी उत्पाद, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिला मंच
मेले में इस बार कुल 53 दुकानें सजाई गई हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरियां, हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरियां, बेडशीट और कुशन कवर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गोबर से बने उत्पादों और पीओपी की मूर्तियों के साथ चाय और खानपान के स्टाल भी लगाए गए हैं।
मेले में गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फहमीदा और फरीदा सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर सम्मानित हथकरघा डिजाइन सेंटर के संचालक मोहम्मद इसरार हुसैन की प्रदर्शनी भी मेले की शोभा बढ़ा रही है।
चूड़ियों से लेकर मिट्टी के दीयों तक, दीपावली की खरीदारी का पूरा बाजार
मेले में सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, प्लास्टिक की मालाएं, इलेक्ट्रिक झालरें, मिट्टी के दीये, मूर्तियां, कैलेंडर, तस्वीरों और खानपान के स्टालों पर भी ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है। मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंचकर लोग पुरानी यादें ताजा करते हुए कह रहे हैं कि पिछली बार भी उन्होंने इसी स्थान पर सेल्फी ली थी।
महापौर ने किया स्टालों का निरीक्षण, दिलाई स्वच्छता की शपथ
उद्घाटन अवसर पर महापौर दीपक बाली ने पूरे मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुकानदारों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। मेले में दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी और राजकुमार यादव सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें