हिमालय प्रहरी

स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम प्रधान मनीषा मलवाल ने दुर्गापालपुर परमा को दी सौगातें: गरीब परिवारों को बांटे पंखे, सार्वजनिक स्थानों पर लगाईं बेंच और सेफ्टी मिरर

खबर शेयर करें -

हल्दूचौड़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत दुर्गापालपुर परमा की ग्राम प्रधान मनीषा मलवाल ने ग्रामीणों को जनसेवा और विकास से जुड़ी कई नई सौगातें दीं। बेरीपड़ाव स्थित पंचायत भवन में गरिमामय माहौल के बीच ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ने अपनी व्यक्तिगत राशि से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पंखे वितरित किए। इसके साथ ही ग्रामसभा के सार्वजनिक स्थानों पर ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच स्थापित करने तथा दुर्घटना संभावित चौराहों पर सड़क सुरक्षा के मद्देनजर रिफ्लेक्टिव सेफ्टी मिरर लगाने का कार्य भी संपन्न कराया।
चुनावी घोषणा पत्र के 10 प्रमुख संकल्प हुए पूरे, एंबुलेंस सेवा भी जारी
समारोह को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान मनीषा मलवाल ने बताया कि उन्होंने चुनाव के दौरान ग्रामीणों के सामने जो 30 संकल्पों का घोषणा पत्र रखा था, उसे वे अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी का दस्तावेज मानती हैं। इनमें से नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा, जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग, संकट में आर्थिक सहायता, पंखे व कंबल वितरण, सार्वजनिक बेंच, सेफ्टी मिरर और सोलर लाइट जैसी 10 प्रमुख घोषणाएं पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने शेष वादों को भी प्राथमिकता से पूरा करने का संकल्प दोहराया। उल्लेखनीय है कि उनके द्वारा शुरू कराई गई नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा से आपात स्थिति में ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
ग्रामीणों ने की अनुकरणीय पहल की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों ग्रामीणों ने चुनावी वादों को धरातल पर उतारने और व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक मदद करने की इस पहल की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के इन प्रयासों से गाँव में सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना मजबूत हो रही है। इस अवसर पर सुरेंद्र मलवाल, प्रमोद चंद, जगदीश भट्ट, रवि चंदोला, विजय भट्ट, प्रदीप कुमार, सुरेश जोशी, पंकज शर्मा और भुवन भट्ट समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Exit mobile version