
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस पावन पर्व की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने नवनिर्माण एवं सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा का स्मरण करते हुए राज्य की प्रगति में दिन-रात योगदान देने वाले उद्यमियों, शिल्पियों, कारीगरों और श्रमवीरों के समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती का यह पर्व प्रदेश के बुनियादी ढांचे और विकास की पटकथा लिखने वाले इन सभी राष्ट्रनिर्माताओं को सम्मानित करने का एक विशेष अवसर है।
कुशल मानव संसाधन राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, तकनीकी नवनिर्माण में भागीदारी का लिया संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज के आधुनिक और तकनीकी युग में कुशल मानव संसाधन किसी भी राज्य या देश की सबसे बड़ी ताकत होता है। राज्य सरकार प्रदेश के कारीगरों, श्रमिकों और युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि इस अवसर पर हम सभी को निर्माण क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर देश व राज्य के समग्र विकास में अपनी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।