हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड के 8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: मालदेवता में 233 मिमी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रदेश भर में 111 मार्ग बंद

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के कड़े तेवरों के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की प्रबल संभावना है, जबकि अन्य जिलों में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून में लगातार बारिश से अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

बारिश के कारण राज्य में स्थिति गंभीर बनी हुई है। अकेले देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में रिकॉर्ड 233 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे सल्फर पॉइंट और शेरकी रोड पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया। सोडा सरोली में गदेरा उफान पर आने से मुख्य मार्ग पर मलबा भर गया, जिससे लगभग 15 परिवार अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए।

प्रदेश में अलकनंदा, मंदाकिनी, पिंडर, काली, गोरी और सरयू नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य भर में कुल 111 मार्ग बाधित हैं, जिनमें ग्रामीण सड़कें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में कोई देरी न की जाए।

Exit mobile version