हिमालय प्रहरी

नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: 14 अगस्त को 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, शिक्षकों को भी छुट्टी

खबर शेयर करें -

नैनीताल। जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा 14 अगस्त के लिए नैनीताल जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) में 14 अगस्त को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शुक्रवार को बंद रहेंगे।
शिक्षकों और स्टाफ के लिए भी रहेगा अवकाश; संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन व जलभराव का खतरा
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारी बारिश से नदियों, नालों और गधेरों में उफान तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आवासीय विद्यालयों को छूट, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और रहने (आवास) की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। इसके अलावा अन्य सभी संबंधित संस्थानों को आदेश का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं तथा उल्लंघन की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Exit mobile version