हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: काशीपुर रोड पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पल्लेदार की दर्दनाक मौत; नाम की समानता से दूसरे परिवार में मचा हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर में काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। गदरपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार 40 वर्षीय पल्लेदार प्रताप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके मामा बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं, इस दुर्घटना के दौरान नाम की समानता के चलते एक अन्य परिवार में कुछ समय के लिए कोहराम मच गया, जो बाद में युवक के सकुशल घर लौटने पर शांत हुआ।

रेलवे स्टेशन से रैक खाली कर लौट रहे थे भांजा-मामा, डंपर ने कुचला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पल्लेदारी का कार्य करने वाले सुभाष कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय प्रताप मंगलवार दोपहर रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर लगी मालगाड़ी की रैक खाली करने के बाद अपने मामा रामबाबू के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही प्रताप बाइक से नीचे सड़क पर जा गिरे और डंपर का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि, बाइक पर उनके साथ मौजूद उनके मामा रामबाबू इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही तेल मिल चौकी प्रभारी नवीन जोशी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया, तथा सड़क पर फैले खून को पानी की बौछार डलवाकर साफ कराया।

नाम की समानता के कारण दूसरे परिवार में छाया मातम, जिंदा लौटने पर लौटी खुशी

इस दुर्घटना के बाद एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने कुछ पलों के लिए शहर में सनसनी फैला दी। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का नाम प्रताप था और इत्तेफाक से भदईपुरा क्षेत्र में भी इसी नाम का एक अन्य व्यक्ति रहता है। जब दुर्घटना की सूचना भदईपुरा पहुंची, तो वहां के परिजनों ने समझा कि उनके घर के सदस्य की ही हादसे में जान चली गई है।
यह खबर मिलते ही भदईपुरा निवासी प्रताप के घर में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन व महिलाएं सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गईं। चूंकि दुर्घटना के कारण शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, इसलिए पहचान को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, कुछ ही देर बाद भदईपुरा निवासी प्रताप जब अपने घर सहकुशल पहुंच गए, तो परिजनों की जान में जान आई और जिस घर में कुछ देर पहले मातम पसरा था, वहां राहत की सांस लेते हुए खुशी का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, फरार चालक की तलाश तेज

घटना के संबंध में सीओ विभव सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। मृतक की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले फरार डंपर और चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक की शिनाख्त कर ली गई है और पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में लिया जाएगा और नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version