हिमालय प्रहरी

पिथौरागढ़: भारी बारिश से सातशिलिंग-थल मार्ग बाधित; मलबे में फंसे वाहन, स्कूली बच्चे और यात्री परेशान

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सातशिलिंग-थल रोड पर स्थित बीसाबजेड़ में भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से मार्ग पूरी तरह पट गया। इस कारण सुबह से ही आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मलबे के कारण कई छोटे वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला गया।

स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी मुसीबत

सड़क पर मलबा जमा होने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और दुपहिया वाहन चालकों पर पड़ा। कीचड़ और पत्थरों के बीच से रास्ता पार करना जानलेवा बना रहा। देर शाम तक सड़क से मलबा न हटाए जाने के कारण यात्रियों में प्रशासन के खिलाफ खासा रोष देखने को मिला। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस विशेष स्थान पर बार-बार मलबा आने से रास्ता बंद हो जाता है, जिससे घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रवासियों ने चिंता जताते हुए कहा कि अभी तो मानसून की शुरुआत भी नहीं हुई है और हालात इतने खराब हैं; आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील डेंजर जोन का निरीक्षण कर इसका स्थायी उपचार किया जाए, ताकि मानसून के दौरान थल मार्ग पर आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

Exit mobile version