हल्द्वानी। हल्द्वानी में कांग्रेस की ‘विजय शंखनाद रैली’ से ठीक पहले एसएसपी कार्यालय में हुए हाईवोल्टेज ड्रामे और हंगामे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोर्चा खोल दिया है। रैली से पहले पुलिस प्रशासन पर कार्यकर्ताओं की गाड़ियां रोकने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी दफ्तर में प्रदर्शन किया था। इस घटना से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार देर रात कांग्रेस का पुतला दहन किया और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अपेक्षा के अनुरूप भीड़ न जुटने पर पुलिस पर फोड़ा भड़ास: भाजपा
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर पुलिस अधिकारियों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए घटना की तीखी निंदा की। मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कुमार डब्बू ने कहा कि जो लोग सत्ता में आने का दावा करते हैं, उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों से मर्यादित व्यवहार करना चाहिए। भाजपा नेताओं का कहना है कि रैली में उम्मीद के मुताबिक भीड़ न जुटने के कारण कांग्रेस नेताओं ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए पुलिस प्रशासन पर झूठे आरोप लगाए और हंगामा खड़ा किया।
जिले के कप्तान से अभद्रता पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता, वायरल वीडियो का दिया हवाला
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने घटनाक्रम की निंदा करते हुए कहा कि जिले के पुलिस कप्तान (एसएसपी) के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का हवाला देते हुए कांग्रेस के शीर्ष प्रांतीय नेतृत्व के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में भारी आक्रोश है और कांग्रेस को सार्वजनिक रूप से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।