देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच का पारिवारिक विवाद अब सड़क से लेकर सियासी गलियारों तक मुख्य चर्चा का विषय बन गया है। मंत्री रेखा आर्या द्वारा कैंट थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने और गंभीर आरोप लगाने के बाद विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से स्पष्टीकरण की मांग की है।
कुमारी सैलजा का तंज— क्या भ्रष्टाचार में सीएम की भी हिस्सेदारी है?
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि मुख्यमंत्री धामी को इस बात की जानकारी पहले से न हो कि उनकी कैबिनेट सहयोगी के घर में इस तरह की घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने पति गिरधारी लाल साहू द्वारा मंत्री रेखा आर्या पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी गहरी चिंता जताई। कुमारी सैलजा ने सवाल उठाया कि यदि पति के आरोपों के मुताबिक मंत्री ने भ्रष्टाचार किया है, तो क्या इस अवैध कमाई में मुख्यमंत्री धामी की भी हिस्सेदारी है?
हरीश रावत बोले— जब मंत्री सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की क्या स्थिति होगी?
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण के कई पहलू हैं, जिन पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। हालांकि उन्होंने पारिवारिक विवाद पर सीधे कुछ भी कहने से इनकार किया, लेकिन यह जरूर कहा कि जब राज्य की एक महिला कैबिनेट मंत्री को अपने जीवन का खतरा महसूस हो रहा है, तो सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की क्या स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में धन के लेन-देन और कथित लूट से जुड़े पहलू भी बेहद गंभीर हैं।
गणेश गोदियाल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि एक महिला और उत्तराखंड की बेटी होने के नाते उनके साथ सहानुभूति है, लेकिन उन्हें ‘बेचारी’ कहकर संबोधित करना प्रदेश के मंत्री पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि पति गिरधारी लाल साहू द्वारा वीडियो जारी कर मिड-डे मील के राशन और 210 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति अर्जित करने जैसे जो गंभीर आरोप लगाए गए हैं, उनकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मंत्री रेखा आर्या और मुख्यमंत्री धामी दोनों को जनता के सामने इन आरोपों का स्पष्टीकरण देना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गत 15 अक्टूबर को अपना एक वीडियो और दो कथित ऑडियो क्लिप जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू पर घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अपनी जान को खतरा होने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने देहरादून के कैंट थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके जवाब में 16 अक्टूबर को गिरधारी लाल साहू ने भी एक वीडियो जारी कर मंत्री पत्नी पर भ्रष्टाचार के सनसनीखेज आरोप जड़ दिए, जिसके बाद से प्रदेश का सियासी पारा लगातार हाई बना हुआ है।