हिमालय प्रहरी

खाई में गिरा निजी वाहन; जब पुलिस ने फोन किया तो मालिक का हैरान कर देने वाला जवाब— ‘गाड़ी गिरती रहती है, घर आइए स्वागत है’

खबर शेयर करें -
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक अजीबोगरीब सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां सोमवार देर शाम आरे-दयागन मोटर मार्ग पर गांवली गैर के समीप एक निजी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल फौरन मौके पर पहुंचे और डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में घायलों की तलाश की। हालांकि, जब वाहन के मालिक से संपर्क किया गया, तो उसने ऐसा जवाब दिया जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।

डेढ़ घंटे तक चलता रहा रेस्क्यू अभियान

स्थानीय महिलाओं ने वाहन के खाई में गिरने की सूचना आसपास के लोगों के जरिए पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। अंधेरे और ढलान के बीच किसी घायल या फंसे हुए व्यक्ति की तलाश में करीब डेढ़ घंटे तक गहन अभियान चलाया गया, लेकिन खाई में कोई भी व्यक्ति नहीं मिला।

पुलिस के फोन पर चालक ने दिया बेपरवाह जवाब

जब घटनास्थल पर कोई हताहत या घायल नहीं मिला, तो पुलिस ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके स्वामी और चालक लाल सिंह का पता लगाया। पुलिस ने जब उन्हें फोन कर हादसे की जानकारी ली और कुशलता पूछी, तो चालक ने बेहद लापरवाही भरा जवाब देते हुए कहा, “गाड़ी गिरती रहती है।”
चालक ने पुलिस को यह भी बताया कि हादसे के वक्त वाहन वह खुद चला रहे थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों को अपने घर आने का न्योता देते हुए कहा, “आओ, आपका भी स्वागत है।”

पुलिस ने कही आगे की कार्रवाई की बात

हादसे के बाद चालक का मौके पर मौजूद न होना और इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बयान देना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। इस संबंध में कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version