हिमालय प्रहरी

कुमाऊं में बारिश का कहर: धारचूला में भूस्खलन से चीन सीमा का संपर्क टूटा, नैनीताल-बागेश्वर के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून/पिथौरागढ़: उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में भले ही मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी हो, लेकिन कुमाऊं मंडल में बारिश आफत बनकर बरस रही है। पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला क्षेत्र में शनिवार रात हुई 82 मिमी की भारी वर्षा ने आपदा जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मूसलाधार बारिश के चलते टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी चट्टान खिसकने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसके अलावा आदि कैलास मार्ग पर मलघाट के पास लगातार पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं, जिससे आवागमन ठप है। तवाघाट-लिपूलेख (कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग) और तवाघाट-सोबला-तिदांग सड़क भी पांच अलग-अलग स्थानों पर मलबा आने से बंद हो गई है, जिसके कारण चीन सीमा से देश का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है और सीमांत क्षेत्र के पांच दर्जन से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। धारचूला में घटखोला-सीनियाखोला पैदल पुल बहने से सीनियाखोला के सात परिवारों को पूरी रात दहशत में बितानी पड़ी। मार्ग बंद होने के कारण आदि कैलास यात्रा पर निकले कई श्रद्धालु भी रास्ते में फंस गए हैं। उधर, नैनीताल में भी मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे वीकेंड पर पहुंचे सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दूसरी तरफ, राजधानी देहरादून सहित मैदानी इलाकों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच उमस ने लोगों को बेहाल किया, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। विभाग ने नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
देहरादून 33.6 24.8
पंतनगर 37.0 27.6
मुक्तेश्वर 25.2 16.6
नई टिहरी 26.8 17.6
Exit mobile version