राजू अनेजा,काशीपुर। नगर निगम प्रांगण में आयोजित होली महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर स्वागत द्वार पर ही राजस्थानी कलाकारों की प्रस्तुति ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। दिल्ली से पहुंची लाला भाट टीम ने मंच पर नहीं, बल्कि प्रवेश द्वार पर ‘वेलकम पोपट’ कठपुतली नृत्य के जरिए मुख्यमंत्री का पारंपरिक और शाही अंदाज में अभिनंदन किया।
महापौर दीपक बाली के होली महोत्सव में जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचा, पंजाबी ढोल की दमदार थाप गूंज उठी। रंग-बिरंगी राजस्थानी वेशभूषा में सजे कलाकारों और ‘वेलकम पोपट’ की जीवंत अदाओं ने स्वागत को यादगार बना दिया। कठपुतलियों की ताल और ठुमकों के बीच किया गया यह अभिनंदन उपस्थित जनसमूह के लिए खास आकर्षण रहा।
टीम के मुखिया लाल भाट ने बताया कि उनकी यह प्रस्तुति राजा-महाराजाओं के जमाने से चली आ रही खानदानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे आधुनिक रूप देकर आज देशभर के बड़े आयोजनों में पेश किया जाता है।
स्वागत द्वार पर सजे इस राजस्थानी रंग ने होली महोत्सव की शुरुआत को ही भव्य बना दिया। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ गूंजे ढोल और ‘वेलकम पोपट’ की अदाओं ने पूरे आयोजन को शाही छटा से भर दिया।
दिल्ली से आए राजस्थानी कलाकारों ने ‘वेलकम पोपट’ से किया मुख्यमंत्री का शाही स्वागत
