हिमालय प्रहरी

रामनगर : यहां कुछ युवकों ने एक युवक को घर से कुछ ही दूरी पर ले जाकर मारी गोली, गांव में तनाव का माहौल

खबर शेयर करें -

रामनगरः नैनीताल का रामनगर सुबह-सुबह फायरिंग से दहल गया. यहां कुछ युवकों ने एक युवक को उसके घर से कुछ ही दूरी पर ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी. युवक को गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. उधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं, परिजनों ने कोतवाली में तैनात दो दरोगाओं पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

जानकारी के मुताबिक, लुटाबड गांव निवासी पप्पी सागर (उम्र 27 वर्ष) को रविवार की सुबह करीब 5 बजे कुछ अज्ञात युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ जिप्सी वाहन में ले गए. बताया जा रहा है कि इन अज्ञात युवकों ने घर से कुछ ही दूरी पर पप्पी पर गोलियां चला दी. जिसके बाद आरोपी पप्पी को मौके पर लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए. सूचना मिलने पर परिजन पप्पी को अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने पप्पी मृत घोषित कर दिया.

उधर, घटना के बाद परिजनों की पुलिस के साथ अस्पताल में तीखी नोकझोंक भी हुई. इतना ही नहीं परिजन शव को जबरन पुलिस से छुड़ाकर अपने साथ घर ले गए. जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस मृतक के घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फिर अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है. मौके पर शांति व्यवस्था को लेकर आसपास के थाने से फोर्स रामनगर पहुंच गई है

खुद अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह भी रामनगर पहुंच गए हैं. उन्होंने घटना के संबंध में पुलिस से जानकारी जुटाने शुरू कर दी है. वहीं, मामले में मृतक के चाचा और भाई ने रामनगर कोतवाली में तैनात एक महिला दरोगा और एक अन्य दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि पप्पी को धमकी मिल चुकी थी. जिसे पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया.

घटना के संबंध में रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Exit mobile version