हिमालय प्रहरी

मोतीनगर में बेतरतीब कट फिर बना काल: गलत दिशा से आ रहे छोटे हाथी ने बाइक सवार को रौंदा, 28 वर्षीय रहीम की मौत से मासूम बेटा हुआ अनाथ

खबर शेयर करें -
लालकुआं। लालकुआं-हल्द्वानी मार्ग पर मोतीनगर स्थित बेतरतीब कट एक बार फिर से किसी के घर का चिराग बुझाने का कारण बन गया। कल शाम करीब 7 बजे गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से मुड़ रहे एक छोटे हाथी (टैंपो) ने लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे मोटरसाइकिल (UK 04 AT 6967) सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल चला रहे 28 वर्षीय रहीम खान पुत्र याकूब अली, निवासी सुभाष नगर (वार्ड नंबर 5), लालकुआं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी पुलिस और मंडी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
पिछले साल पत्नी का हुआ था निधन, रहीम की मौत के बाद अकेला रह गया नन्हा मासूम
पुलिस ने 1033 एंबुलेंस के माध्यम से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भिजवा दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने में खड़ा करवाया गया है। मृतक रहीम पे पेशे से मोटर मिस्त्री था। इस घटना ने एक पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया है; बीते वर्ष ही डिलीवरी के दौरान रहीम की पत्नी का आकस्मिक निधन हो गया था और अब रहीम की भी दर्दनाक मौत के बाद उसका छोटा सा मासूम बेटा पूरी तरह अनाथ हो गया है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे लालकुआं और सुभाष नगर क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है तथा परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Exit mobile version