हिमालय प्रहरी

घर में बंधक बनाकर युवती से दुष्कर्म: दो परिचितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, बालिग होने के हफ्ते भर बाद घटी वारदात

खबर शेयर करें -
काशीपुर। उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दो परिचित युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता महज एक सप्ताह पूर्व ही बालिग हुई है। घटना के बाद से पीड़िता काफी डरी-सहमी हुई थी, जिसके बाद परिजनों के पूछने पर पूरी आपबीती सामने आई।

परिचित के घर गई थी युवती; परिजनों को बताई आपबीती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। दो दिन पहले पीड़िता किसी काम से अपने परिचित के यहां गई हुई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो परिचित युवकों ने युवती को जबरन एक कमरे में बंधक बना लिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी युवकों के चंगुल से छूटकर किसी तरह अपने घर पहुंची युवती काफी डरी-सहमी और मानसिक तनाव में थी। परिजनों ने जब उसकी हालत देखकर बार-बार कारण पूछा, तब पीड़िता ने रोते हुए अपने साथ हुई हैवानियत की पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर काशीपुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर कोर्ट में दर्ज कराए बयान

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए काशीपुर कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि, “पीड़िता की तहरीर पर दो नामजद अभियुक्तों के खिलाफ बंधक बनाकर दुष्कर्म करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही न्यायालय (Court) के समक्ष भी 164 के तहत बयान दर्ज करवा दिए हैं।”
सीओ ने आगे बताया कि पुलिस की टीमें अब घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही हैं और आरोपियों से जुड़े साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक/चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version