
इसी समस्या को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला ग्राम कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जल संस्थान लालकुआं डिवीजन के अधिशासी अभियंता से गोरापड़ाव स्थित कार्यालय में मुलाकात कर वार्ता की और क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।
भाकपा (माले) नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि टूटी पाइप लाइनों के चलते ग्रामीण नाली का गंदगी मिश्रित पानी पीने को मजबूर हैं। स्वच्छ पेयजल जनता का बुनियादी अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही इसे छीन रही है। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि क्या मध्य प्रदेश के इंदौर जैसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी?
किसान महासभा बागजाला सचिव वेद प्रकाश ने कहा कि जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा वर्षों पहले बिछाई गई पाइप लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह से पाइप टूटने के कारण एक ओर पानी की भारी बर्बादी हो रही है, तो दूसरी ओर घरों तक नियमित आपूर्ति बाधित है। नतीजतन बागजाला में पेयजल संकट स्थायी रूप लेता जा रहा है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इससे पहले किसान महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने गांव में सिंचाई की गूल/नहरों की मरम्मत की मांग को लेकर लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में भी ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान माले जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय, किसान महासभा बागजाला सचिव वेद प्रकाश, पूर्व प्रधानाचार्य गणेश राम, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, हेमा देवी, प्रचार सचिव पंकज चौहान, चन्दन सिंह मटियाली, दिनेश पांडे, प्रेम सिंह नयाल, हेमा आर्य, मंजू टम्टा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।