काठगोदाम/रानीबाग (20 अप्रैल 2026): नैनीताल-भीमताल मार्ग पर सोमवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। काठगोदाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानीबाग के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आंगनबाड़ी से घर लौट रही 5 साल की बच्ची को कुचल दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मासूम बच्ची बस के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आंगनबाड़ी से लौट रही थी मासूम कनक
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान 5 वर्षीय कनक के रूप में हुई है। कनक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और यहाँ मजदूरी कर जीवन यापन करता है। सोमवार दोपहर कनक दो अन्य बच्चों के साथ आंगनबाड़ी से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। रानीबाग के पास सड़क पार करते समय तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक ने टक्कर के बाद भी वाहन नहीं रोका, जिससे बच्ची काफी दूर तक घिसटती चली गई। साथ चल रहे अन्य दो बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़, हाईवे पर लगाया जाम
मासूम की दर्दनाक मौत से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही रोडवेज बस के शीशे तोड़ दिए और बस चालक पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नैनीताल-भीमताल रोड पर धरना दे दिया। प्रदर्शन के कारण रानीबाग-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल और पुलिस टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी सिटी मनोज कत्याल का बयान:
“एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्ची की दुखद मृत्यु हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्षेत्र में यातायात सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
