हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: बिना पंजीकरण और मान्यता के चल रहे 10 मदरसे सील; अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने तलब की विस्तृत रिपोर्ट

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में शिक्षा विभाग की मान्यता और वैध पंजीकरण के बिना संचालित हो रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिले में बिना वैध अनुमति के चल रहे ऐसे 10 मदरसों को सील कर दिया गया है। साथ ही, इन मदरसों की वर्तमान स्थिति को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जा सके।

विकास भवन सभागार में हुई उच्चस्तरीय बैठक

शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मदरसों और अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों की मान्यता से जुड़े लंबित प्रकरणों तथा प्रस्तावों में आ रही कमियों को दूर करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मान्यता प्रस्तावों में आ रही तकनीकी या अन्य कमियों को संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर जल्द से जल्द दूर करें, जिससे मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके। उन्होंने प्राधिकरण के अधिनियम और उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक संस्थानों को वैध मान्यता प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया।

10 अवैध मदरसे सील, आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश

बैठक के दौरान बिना पंजीकरण और मान्यता के संचालित हो रहे मदरसों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी ने बैठक में जानकारी दी कि जिन मदरसों ने मान्यता के लिए कोई आवेदन नहीं किया था, ऐसे कुल 10 मदरसों को सील करने की कार्रवाई की गई है।
इस पर प्राधिकरण के अध्यक्ष ने अधिकारियों को इन सभी सील किए गए मदरसों की मौजूदा स्थिति की विस्तृत आख्या (रिपोर्ट) शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी ने भी बैठक में उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट अध्यक्ष व जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी शावेद आलम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी, शिक्षा विभाग से रविंद्र पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Exit mobile version