हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: बेसहारा जानवर से टकराकर सड़क पर गिरे बाइक सवार की मौत; अज्ञात वाहन ने रौंदा

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर-गदरपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गदरपुर के अलखदेवा प्रेमनगर निवासी 39 वर्षीय परविंदर सिंह उर्फ पिंदर, जो रुद्रपुर स्थित एक मोबाइल शोरूम में कार्य करता था, मंगलवार रात काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रात्रि लगभग 10:30 बजे करतार हवेली के पास डिवाइडर पर बैठे एक बेसहारा जानवर के अचानक सड़क पर आ जाने से उसकी बाइक टकराकर गिर गई।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे परविंदर को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल परविंदर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इस दुखद घड़ी में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुँचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Exit mobile version