
रुद्रपुर : दो माह पहले प्रेमी के साथ भागकर रुद्रपुर आई महिला को लेने पति आ गया। इस दौरान हुई कहासुनी में महिला के प्रेमी ने उसके पति का सिर फोड़ दिया। सूचना पर जब तक रम्पुरा चौकी पुलिस पहुंचती तब तक आरोपी युवक फरार हो गया।
बाद में पुलिस पति-पत्नी को चौकी ले आए, जहां महिला को काफी समझाने के बाद भी वह पति के साथ जाने से इनकार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, काकोरी लखनऊ निवासी बलराम का विवाह 10 साल पहले हुआ था। विवाह के बाद उनके दो बच्चे भी हुए थे। बताया जा रहा है कि दो माह पहले उसकी पत्नी हरदोई निवासी युवक के साथ भागकर रुद्रपुर आ गई थी। यहां वह भदईपुरा में किराए में रहने लगे। काफी खोजबीन के बाद जब बलराम को पत्नी के रुद्रपुर के भदईपुरा में रहने की जानकारी हुई तो वह सोमवार सुबह रुद्रपुर पहुंच गया। जहां वह पत्नी को साथ चलने के लिए कहने लगा।
बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला के प्रेमी ने उसके पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। यह देख आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रम्पुरा चौकी पुलिस पहुंची तो आरोपी प्रेमी फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की जानकारी ली और पति पत्नी को चौकी ले आई। पुलिस ने महिला को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पति के साथ जाने से इनकार करती रही। रम्पुरा चौकी पुलिस के मुताबिक, महिला को समझा बुझाकर घर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें