
देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में महंगे शौक और नशे की लत को पूरा करने के लिए एक महिला का मोबाइल फोन चुराकर उसके बैंक खाते से ऑनलाइन लाखों रुपये उड़ाने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, नकदी, ज्वैलरी और वारदात के पैसों से ही खरीदी गई एक नई स्पोर्ट्स बाइक (R15) भी बरामद कर ली है। इस खुलासे के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या था पूरा मामला?
सहसपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी अनुराधा पुत्री पुरुषोत्तम ने 15 अक्टूबर को सहसपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया है और उनके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये निकाल लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सुरागकशी करते हुए रामपुर पुल (सहसपुर) क्षेत्र से आरोपी शाहरून (पुत्र दाराखान, उम्र 22 वर्ष, निवासी रामपुरा माफी, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) को धर दबोचा।
आरोपी ने कबूला जुर्म, शौक पूरे करने के लिए की थी वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपी शाहरून ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। उसने गत 29 सितंबर को वादिनी के कमरे से मोबाइल चोरी किया था और ट्रिक से पासवर्ड खोलकर उसमें मौजूद पेमेंट ऐप के जरिए 1.50 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। इन ठगी के पैसों से उसने एक नई R15 मोटरसाइकिल और ज्वैलरी खरीद ली थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल, 40,000 रुपये नकद, करीब 40,000 रुपये कीमत की ज्वैलरी और वारदात में खरीदी गई R15 मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।