हिमालय प्रहरी

“चैती मेले को बदनाम करने की साजिश! भ्रामक खबर फैलाने वालों पर एक्शन में एसडीएम”

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। चैती मेला काशीपुर को लेकर सोशल मीडिया पर झूठ और अफवाहों का जाल फैलाने वालों पर अब प्रशासन ने सख्त एक्शन शुरू कर दिया है। मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने दो टूक कहा है—मेले की छवि से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्व दूसरे स्थानों के झूला हादसों के वीडियो और तस्वीरों को चैती मेले से जोड़कर वायरल कर रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं में डर और भ्रम का माहौल बनाया जा रहा है। प्रशासन ने ऐसे लोगों की पहचान शुरू कर दी है और जल्द ही सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
इधर, मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। झूलों की नियमित जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं, वहीं पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रखी जा रही है। महिला सुरक्षा के लिए सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है, जिससे चेन स्नेचिंग और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर लगाम लगी है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना अब महंगा पड़ेगा। प्रशासन की पैनी नजर हर गतिविधि पर है—जो भी मेले के नाम पर भ्रम फैलाएगा, उस पर कानून का डंडा तय है।

Exit mobile version