हिमालय प्रहरी

स्टोन क्रशर कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर 7 करोड़ की वसूली का सनसनीखेज मामला; नशीला प्रसाद खिलाकर बनाए आपत्तिजनक वीडियो, 5 करोड़ नकद और 2 करोड़ के 4 प्लॉट हड़पे, 7 पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी शहर में हनीट्रैप और संगठित ब्लैकमेलिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक स्टोन क्रशर कारोबारी को कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर करीब सात करोड़ रुपये की भारी-भरकम वसूली करने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद व ऑनलाइन माध्यमों से ऐंठ लिए, जबकि लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट भी अपने और अपने करीबियों के नाम रजिस्ट्री करा लिए। इस मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूजा के बहाने घर बुलाकर खिलाया नशीला प्रसाद, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला वर्ष 2015 में शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ कारोबारी के स्टोन क्रशर पर पहुंची और किसी मुकदमे में फंसे होने व आर्थिक तंगी का हवाला देकर मदद मांगी। इसके बाद दोनों के बीच परिचय बढ़ गया। कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने पूजा के बहाने उसे अपने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। बेहोशी की हालत में उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए। इन्हीं वीडियो को सार्वजनिक करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली का खेल शुरू किया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के दबाव में उसने वर्ष 2016 में ही 45 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक कोई संपर्क नहीं रहा, लेकिन आरोप है कि वर्ष 2022 में महिला ने मोहम्मद मुश्ताक व अन्य साथियों के साथ मिलकर दोबारा संपर्क साधा और फिर से रुपयों व संपत्ति की मांग शुरू कर दी।

चेक व आरटीजीएस के जरिए वैध दिखाते थे लेनदेन, मकान व वाहन भी हड़पे

कारोबारी ने शिकायत में दावा किया है कि आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से करीब पांच करोड़ रुपये वसूले। इसके अलावा हल्द्वानी में लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट महिला ने अपने, अपनी बेटी और एक साथी के नाम रजिस्ट्री करा लिए। आरोपियों पर एक कार और स्कूटी लेने, आरके टेंट हाउस रोड पर मकान खरीदने के नाम पर 30 लाख रुपये तथा हीरा नगर में मकान के लिए 60 लाख रुपये ऐंठने का भी आरोप है।
मामले में बैंकिंग लेनदेन का तरीका भी बेहद चौंकाने वाला सामने आया है। आरोप है कि प्लॉटों की रजिस्ट्री के दौरान लेनदेन को कानूनी रूप से वैध दिखाने के लिए पहले कारोबारी से नकदी ली जाती थी, फिर चेक के माध्यम से भुगतान दर्शाकर वही रकम आरटीजीएस (RTGS) के जरिए उसके खाते में वापस भेजी जाती थी, और बाद में दोबारा नकदी वसूल ली जाती थी। कारोबारी ने महिला पर प्रतिदिन 30 प्रतिशत ब्याज की मांग करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की गहन विवेचना

शिकायत के अनुसार, बीती पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित कारोबारी के छोटे भाई के घर पहुंची और फिर रुपयों की मांग करने लगी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि महिला ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया और रुपये न देने पर जान से मरवाने तथा निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इससे बुरी तरह घबराए कारोबारी ने पुलिस की शरण लेकर अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात तहरीर मिलने के बाद सात नामजद व अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब चारों प्लॉटों की रजिस्ट्री, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों, बैंक खातों के लेनदेन और नकदी से जुड़े साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version