
हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘कुमाऊं द्वार महोत्सव’ में रविवार शाम शरद पूर्णिमा के अवसर पर लोक गायिका और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी जादुई आवाज से समां बांध दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मैथिली ठाकुर ने एक के बाद एक बेहतरीन गीत पेश कर उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनके विकास कार्यों की गूंज बिहार सहित पूरे देश में सुनाई देती है।
“सीएम धामी से सीखती हूं जनहित के कार्य”
मंच से अपने संबोधन में मैथिली ठाकुर ने कहा कि चूंकि अब वह स्वयं भी एक जनप्रनिधि (नेता) हैं, ऐसे में वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्य करने के तौर-तरीकों और जनहित की योजनाओं से काफी कुछ सीखती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नेतृत्व प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहा है।
मैथिली की सुरीली आवाज पर झूमे दर्शक, गाए पारंपरिक और लोकप्रिय गीत
कार्यक्रम के दौरान मैथिली ठाकुर ने पारंपरिक लोक संस्कृति और आधुनिक धुनों का ऐसा समागम प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने ‘सुआ रे सुआ बनखंडी सुआ’, ‘धामी रे धाकड़ धामी रे’ और उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीत ‘बेड़ू पाको बारोमासा…’ की शानदार प्रस्तुति दी।
मिथिला संस्कृति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे सीता जी की सखियों में से हैं और जिस प्रकार मिथिला में विवाह के दौरान बरातियों को प्रेम से पारंपरिक गीत सुनाए जाते हैं, उसी परंपरा को निभाते हुए उन्होंने ‘राम जी से पूछे जनकपुर के नारी…’ गीत भी सुनाया। इसके साथ ही, दर्शकों की विशेष मांग पर उन्होंने सीएम धामी के लिए ‘भैय्या हमार सीएम होइहे…’ गीत गाकर माहौल को बेहद और अधिक ऊर्जावान बना दिया।
“उत्तराखंड आकर लगता है मुझमें भगवती का वास है”
हल्द्वानी पहुंचीं मैथिली ठाकुर पूरी तरह उत्तराखंड के रंग में रंगी नजर आईं। पारंपरिक पिछौड़ा ओढ़े नजर आईं मैथिली ने श्रोताओं से अपने जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में बेटियों को देवी भगवती के रूप में पूजा जाता है। जब भी वह मिथिला से देवभूमि उत्तराखंड आती हैं, तो उन्हें ऐसा अनुभव होता है जैसे उनके स्वयं के भीतर भगवती का वास हो गया हो और उन्हें यहाँ अपार अपनापन महसूस होता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विशिष्ट जनों का सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदेही दिगारी के नेतृत्व में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। इस दौरान विनोद कापड़ी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पायर’ के ट्रेलर के साथ-साथ गोविंद दिगारी और खुशी दिगारी के गीत ‘खटाई बना छू…’ का भी विधिवत विमोचन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में ऐपण गर्ल भावना भारती, रिकॉर्डिस्ट सागर शर्मा, संगीतकार संजय गोस्वामी और मशकबीन वादक सुरेश जोशी प्रमुख रूप से शामिल रहे।