
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीते दिनों एक घर से हुई लगभग ₹20 लाख के सोने-चांदी के आभूषणों की दुस्साहसिक चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी चोर नहीं, बल्कि पीड़ित महिला का सगा बेटा ही निकला। कोटद्वार पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी बेटे को राजस्थान के जयपुर (झालूपुरा) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।
5 अक्टूबर को दर्ज हुई थी अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने बीते 5 अक्टूबर को पुलिस में लिखित तहरीर दी थी। महिला ने आरोप लगाया था कि उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A), 317(2) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में एएसपी मनोज कुमार ठाकुर व सीओ अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से खुला राज; जयपुर से दबोचा गया आरोपी
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पुलिस को पता चला कि महिला के बेटे ने ही घर में चोरी की थी और वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जयपुर के झालूपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
शौक और फिजूलखर्ची पूरी करने को रची थी साजिश
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने के जेवर और 891 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹20 लाख बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह अपनी फिजूलखर्ची, निजी जरूरतों और महंगे शौक पूरे करने के लिए घर से मां के गहने चोरी कर राजस्थान भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।