हिमालय प्रहरी

काशीपुर की पावन धरती पर कल होगा आध्यात्मिक गुरु संत श्री राजेंद्र सिंह महाराज जी का पदार्पण ! विशाल सत्संग को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर

खबर शेयर करें -

काशीपुर में 23 अक्टूबर को गूंजेगी संत राजिन्दर सिंह जी महाराज की अमृतवाणी, सत्संग को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर

 

शाम 7 बजे कृपाल आश्रम में आध्यात्मिक प्रवचन, रात 9 बजे नामदान कार्यक्रम; देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी पहुंचेंगे श्रद्धालु

 

राजू अनेजा, काशीपुर।काशीपुर में आगामी 22-23 अक्टूबर को आध्यात्मिक चेतना, प्रेम, भाईचारे और आत्मिक शांति का संदेश गूंजेगा। विश्व-विख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं सावन कृपाल रूहानी मिशन के प्रमुख परम पूजनीय संत राजिन्दर सिंह जी महाराज के आगमन को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। उनके आध्यात्मिक सत्संग को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

 

कुंडा चौराहे के निकट कृपाल आश्रम में सजेगा आध्यात्मिक सत्संग

सावन कृपाल रूहानी मिशन की काशीपुर शाखा की ओर से 23 अक्टूबर, 2026 को शाम 7 बजे गढ़ी नेकी रोड पर कुंडा चौराहे के निकट स्थित कृपाल आश्रम में आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान संत राजिन्दर सिंह जी महाराज अपने प्रवचनों के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे और मन की शांति प्राप्त करने के मार्ग पर प्रकाश डालेंगे।

सत्संग के पश्चात रात 9 बजे नामदान यानी आध्यात्मिक दीक्षा का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मिशन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में नए जिज्ञासुओं को आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

 

मन की शांति और प्रभु-भक्ति का संदेश देंगे संत राजिन्दर सिंह जी महाराज

संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ध्यान-अभ्यास और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से जीवन में आंतरिक शांति प्राप्त करने का संदेश देते हैं। उनके प्रवचनों का प्रमुख केंद्र स्वयं को जानने, प्रभु से जुड़ने, प्रेमभाव अपनाने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा है।

मिशन के अनुसार, उनका उद्देश्य लोगों को ध्यान-अभ्यास के माध्यम से आत्मज्ञान और आध्यात्मिक अनुभव की दिशा में मार्गदर्शन देना है। उनके सत्संगों में जीवन की भागदौड़ के बीच मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आपसी सद्भाव जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाता है।

 

देश-विदेश से जुटेंगे श्रद्धालु, मिशन ने किया सभी का स्वागत

मिशन के मीडिया प्रभारी सौरव नरूला ने बताया कि इस आध्यात्मिक आयोजन में काशीपुर के अलावा भारत के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने सभी भाई-बहनों का कार्यक्रम में स्वागत करते हुए कहा कि सत्संग के माध्यम से प्रेम, शांति और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

37 वर्षों से ध्यान-अभ्यास के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं महाराज जी

मीडिया प्रभारी के अनुसार, संत राजिन्दर सिंह जी महाराज पिछले 37 वर्षों से ध्यान-अभ्यास की विधि के प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनकी पुस्तकें विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध हैं और उनके प्रवचन पुस्तकों, ऑडियो-वीडियो माध्यमों, टेलीविजन, इंटरनेट तथा सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों तक पहुंचते हैं।

सावन कृपाल रूहानी मिशन एक गैर-लाभकारी संस्था है, जिसे पश्चिमी देशों में ‘साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी’ के नाम से भी जाना जाता है। मिशन की ओर से विश्व के विभिन्न हिस्सों में आध्यात्मिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

 

प्रेस वार्ता में दी गई कार्यक्रम की जानकारी

मिशन की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में स्थानीय अध्यक्ष परमजीत सिंह, जोनल कोऑर्डिनेटर एडमिन जसपाल सिंह, सिमरन जीत सिंह और सुरेंद्र मिगलानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी सौरव नरूला ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।

कार्यक्रम स्थल: कृपाल आश्रम, गढ़ी नेकी रोड, कुंडा चौराहे के निकट, काशीपुर।

समय: 23 अक्टूबर 2026, शाम 7 बजे सत्संग और रात 9 बजे नामदान कार्यक्रम।

अधिक जानकारी के लिए: 7065117100 या www.sos.org।

Exit mobile version