हिमालय प्रहरी

धारचूला में SOG की कार्रवाई के बाद जमानत पर छूटे युवक की संदिग्ध मौत: परिजनों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग; देहरादून जेल में रंगदारी मामले में 15 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार

खबर शेयर करें -
पिथौरागढ़/देहरादून। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला में बिना आईडी कार्ड के सिम कार्ड बेचने के आरोप में एसओजी (SOG) द्वारा पकड़े गए एक युवक की जमानत मिलने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने हाल ही में सिम बेचने का काम शुरू किया था और गुरुवार को जमानत मिलने के बाद वह अपने किराए के कमरे में लौटा था, जहां उसकी जीवन लीला समाप्त हो गई। धारचूला कोतवाल एके सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जबकि घटना से आक्रोशित परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
30 लाख की रंगदारी और फायरिंग मामले में सोनीपत से पकड़ी गई इनामी महिला आरोपी
दूसरी ओर, देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग और सुद्धोवाला जेल में बंद बंदी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के चर्चित मामले में फरार चल रही 15 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति संजय कुमार सुद्धोवाला जेल में बंद है, जिसे जेल में बंद सोनीपत के पेशेवर अपराधी अर्जुन द्वारा रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस विवाद के बाद 20 मई को पीड़ित परिवार के घर के बाहर फायरिंग और धमकी भरी चिट्ठी मिलने के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित चल रही महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
Exit mobile version