
धार. धार जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता हैवान बन गया. उसने तंत्र-मंत्र के चक्कर में अपने डेढ़ साल के बेटे की जमीन पर पटक-पटक कर हत्या कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. काफी देर मशक्कत करने के बाद सिरफिरे पिता को गिरफ्तार किया जा सका. मामले की जांच की जा रही है.
धार जिले के घाटा बिल्लौद के चंदन नगर में दोपहर के वक्त तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक पिता ने अपने डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर दी. उमेश परिहार घर में तांत्रिक क्रिया कर रहा था. इस दौरान उसने घर के कमरे की शटर लगा ली. कमरे में उसका डेढ़ वर्ष का बेटा भी मौजूद था. तांत्रिक क्रिया के दौरान सिरफिरे ने बेटे को पीटना शुरू कर दिया. इसके बाद बेटे को उठाकर जमीन पर पटकने लगा. इस बात से घबराए घर वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस को भी धमकी दे रहा था आरोपी
बगदून थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि शटर अंदर से लगी हुई थी. अंदर जाने का कोई रास्ता भी नहीं था. आरोपी पिता अंदर मासूम बच्चे को पटक-पटक कर मार रहा था. पुलिस ने उसे रोकने के बहुत प्रयास किए, लेकिन वह पुलिस को धमकी दे रहा था. आरोपी कह रहा था कि घर ब्लास्ट कर दूंगा, सिलेंडर से उड़ा दूंगा. काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वो नहीं माना तब पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए शटर को इलेक्ट्रिक कटर से काट दिया.
पुलिस ने किसी तरह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें