हल्द्वानी/रामपुर: प्रेम और विश्वास के नाम पर मिले धोखे ने एक और किशोरी की जान ले ली। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और फिर मुकर जाने से आहत रामपुर निवासी एक किशोरी ने आत्मदाह कर लिया। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (STH) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
रुद्रपुर ले जाकर किया दुष्कर्म, फिर शादी से किया इनकार
किशोरी के भाई ने बरेली (उत्तर प्रदेश) के शीशगढ़ निवासी राकेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के अनुसार, राकेश ने किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का वादा किया। बीती 25 अप्रैल को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर ले आया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जब किशोरी ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। भरोसे के टूटने और लोक-लाज के डर से आहत किशोरी ने अगले ही दिन 26 अप्रैल को रामपुर स्थित अपने घर पर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया था, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण उसे हल्द्वानी के एसटीएच रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक मौत से लड़ने के बाद देर रात किशोरी की मृत्यु हो गई। हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
मृतका के परिजनों ने इस मामले में रामपुर के खजुरिया थाना (उत्तर प्रदेश) में तहरीर दी है। चूंकि दुष्कर्म की घटना रुद्रपुर (उत्तराखंड) में हुई और आत्मदाह की कोशिश रामपुर में की गई, ऐसे में दोनों राज्यों की पुलिस समन्वय के साथ मामले की जांच कर रही है। आरोपी राकेश फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है कि उनकी बेटी को मौत के मुहाने तक धकेलने वाले आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
