हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी:मंदिर के पास जानवर का सर मिलने से तनाव जैसी स्थिति, पुलिस ने तोड़फोड़ कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज कर संभाला मोर्चा

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा ,हल्द्वानी ।हल्द्वानी के उजाला नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उजालेश्वर महादेव मंदिर के पास एक जानवर का सिर मिलने की सूचना फैली। देखते ही देखते स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर जुट गए और घटना पर अपना तीखा रोष जताया। मंदिर क्षेत्र में यह घटना सामने आने से धार्मिक तनाव की आशंका गहरा गई।

इधर स्थिति को देखते हुए पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मिले हुए सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने शुरुआती जांच में इसे किसी जंगली जानवर का हिस्सा बताया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की।

 हिंदू संगठनों ने जताया कड़ा विरोध
घटनास्थल पर मौजूद हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताते हुए तेज़ और सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन प्रतिनिधियों ने कहा कि “पवित्र स्थल पर इस तरह की घटना असहनीय है, प्रशासन दोषियों को चिन्हित कर सख्त सजा सुनिश्चित करे।”

 CCTV फुटेज ने बदली कहानी
इस बीच, हाथ लगे CCTV फुटेज ने मामले की दिशा ही बदल दी। वीडियो में एक कुत्ता मृत बछड़े का सिर घसीटते हुए मंदिर क्षेत्र के पास लाता हुआ दिखाई देता है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कहा कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी और किसी भी निष्कर्ष पर जल्दबाज़ी नहीं की जाएगी।

नोकझोंक, तोड़फोड़ और लाठीचार्ज
CCTV सामने आने से पहले तनाव बढ़ता चला गया था। पुलिस और गौरक्षकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात हाथ से निकलते देख कुछ उपद्रवियों ने दुकानों में तोड़फोड़ और पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।

 फोर्स तैनात, हालात पर कड़ी नजर
बढ़ते तनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मंदिर क्षेत्र व आसपास की गलियों में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

Exit mobile version