हिमालय प्रहरी

श्री दुर्गा मंदिर में सजेगा तुलसी-शालिग्राम विवाह का भव्य मंडप, ढोल-नगाड़ों के साथ नगर में आज निकलेगी भगवान श्री शालिग्राम जी की बारात

खबर शेयर करें -

घास मंडी स्थित श्री दुर्गा मंदिर से सुबह 11 बजे रवाना होगी बारात, श्री पंजाबी महासभा तक जगह-जगह होगा भव्य स्वागत; बारात में शामिल होंगी नगर की नामचीन हस्तियां

राजू अनेजा, काशीपुर।देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर आज काशीपुर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। घास मंडी स्थित श्री दुर्गा मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित तुलसी विवाह महोत्सव के तहत भगवान श्री सालिग्राम जी की भव्य बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच निकलने वाली इस बारात का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। धार्मिक उत्साह से सराबोर इस आयोजन में नगर की कई नामचीन हस्तियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

श्री दुर्गा मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव के तहत शुक्रवार को मंदिर परिसर में मेहंदी रस्म एवं एकादशी कीर्तन का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान का गुणगान किया और तुलसी विवाह की मांगलिक परंपराओं में भाग लिया। इसके बाद अब शनिवार को महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान श्री सालिग्राम जी की भव्य बारात होगी।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकलेगी बारात, जगह-जगह होगी पुष्पवर्षा

आज सुबह 11 बजे घास मंडी स्थित श्री दुर्गा मंदिर से भगवान श्री सालिग्राम जी की बारात पूरे धार्मिक उत्साह के साथ रवाना होगी। ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु बारात में शामिल होकर भगवान के जयकारे लगाएंगे। बारात का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। घास मंडी से शुरू होकर बारात श्री पंजाबी महासभा तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है।

नगर की नामचीन हस्तियां भी बनेंगी धार्मिक आयोजन की साक्षी

भगवान श्री सालिग्राम जी की इस भव्य बारात में नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े प्रमुख लोगों और नामचीन हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। धार्मिक आयोजन को यादगार बनाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। बारात के स्वागत और तुलसी विवाह की तैयारियों को लेकर भी खासा उल्लास देखने को मिल रहा है।

आशीष अरोड़ा और पूजा अरोड़ा होंगे वर पक्ष के यजमान

तुलसी विवाह महोत्सव में वर पक्ष की ओर से आशीष अरोड़ा एवं पूजा अरोड़ा यजमान की भूमिका निभाएंगे, जबकि तुलसी मैया के कन्यादान का सौभाग्य किशन मदान एवं पुष्पा मदान को प्राप्त होगा। विवाह की पारंपरिक रस्में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।

श्री दुर्गा मंदिर कमेटी ने किया सपरिवार पहुंचने का आह्वान

श्री दुर्गा मंदिर कमेटी ने समस्त धर्मप्रेमी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार इस पावन आयोजन में शामिल होने की अपील की है। कमेटी का कहना है कि तुलसी विवाह हमारी धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। भगवान श्री सालिग्राम जी की बारात और तुलसी विवाह महोत्सव में शामिल होकर श्रद्धालु इस पावन अवसर के साक्षी बनेंगे।

Exit mobile version