हिमालय प्रहरी

भवाली हादसे का दर्दनाक अंत: चम्पावत के अमाऊं गांव में एक साथ उठीं चार अर्थियां; शारदा घाट पर चिता पर पंचतत्व में विलीन हुआ पूरा परिवार

खबर शेयर करें -

बनबसा/टनकपुर: नैनीताल जनपद के भवाली-सेनेटोरियम बाईपास पर बुधवार को हुए भीषण कार हादसे का अंत बेहद हृदयविदारक रहा। हादसे में जान गंवाने वाले टनकपुर क्षेत्र के अमाऊं गांव निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव जब शुक्रवार को एक साथ बनबसा के शारदा घाट पहुंचे, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। शारदा नदी के तट पर एक साथ सजी चिताओं पर पूरे परिवार को अंतिम विदाई दी गई, जिसे देख घाट पर मौजूद सैकड़ों लोगों का कलेजा मुंह को आ गया।

साले की कैंप साइट पर जा रहा था परिवार, रास्ते में काल ने घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टनकपुर रोड स्थित अमाऊं गांव निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल (37 वर्ष) लखनऊ में एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी पत्नी सीमा चुफाल, पुत्र वासु और पुत्री साक्षी के साथ भवाली के दुनिखाल स्थित अपने साले की कैंप साइट पर घूमने जा रहे थे। इसी दौरान भवालीगांव-सेनेटोरियम बाईपास पर ढैला गांव के तीखे मोड़ के पास उनकी महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में भूपेंद्र, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।

शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, मां-बहनें हुईं बेसुध

पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात जब चारों शव एक साथ उनके पैतृक आवास अमाऊं पहुंचे, तो पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और घर में चीख-पुकार मच गई। भूपेंद्र की बुजुर्ग मां तुलसी देवी और बहनें कमला व उमा अपने कलेजे के टुकड़ों के शवों से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें ढांढस बंधाने में पड़ोस की महिलाओं के भी आंसू नहीं रुक रहे थे। पूरे गांव में इस कदर सन्नाटा पसरा था कि शुक्रवार को कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दी अंतिम विदाई

शुक्रवार सुबह गमगीन माहौल में चारों शवों की अंतिम यात्रा बनबसा स्थित पवित्र शारदा घाट के लिए रवाना हुई। घाट पर भूपेंद्र के बहनोई वीरेंद्र सिंह रौतेला और सुनील सिंह ने संयुक्त रूप से मुखाग्नि देकर दाह-संस्कार की रस्में पूरी कीं।

इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए उपनेता प्रतिपक्ष व क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, टनकपुर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, भाजपा नेता दान सिंह रावत, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, किशन सिंह किन्ना, भुवन भट्ट, कांग्रेस नेता बॉबी राठौर, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी, नागेंद्र चुफाल, ठाकुर सिंह खाती, देवेंद्र कन्याल, सुरेश बोरा, विक्रम सिंह और ललित सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version