हिमालय प्रहरी

काशीपुर :अब शहर की मुख्य सड़कों से गांवों तक बिछेगी तरक्की की राह, ₹9.83 करोड़ की डीपीआर तैयार—13 किमी सड़कों का होगा कायाकल्प

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर।शहर और गांवों के बीच वर्षों से बदहाल पड़ी सड़कों की तस्वीर अब बदलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जसपुर, काशीपुर और बाजपुर विकास खंडों में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़ा प्लान तैयार कर लिया है। करीब 13 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के लिए ₹9 करोड़ 83 लाख की डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
इस योजना के तहत इंटरलॉकिंग टाइल्स और डामरीकरण के जरिए गांवों को शहर की मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा। लंबे समय से बारिश में कीचड़, गड्ढों और टूटी पगडंडियों से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विवेक सक्सेना ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन सड़कों के बनने से किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने, छात्रों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और रोजमर्रा के सफर करने वालों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत होने से न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। स्थानीय लोग लंबे समय से इन सड़कों की मांग कर रहे थे, अब नजरें शासन की मंजूरी पर टिकी हैं।
जसपुर विकास खंड
कुल सड़कें: 6.9 किमी
लागत: करीब ₹5 करोड़
एनएच-734 पर सरवरखेड़ा से मल्होत्रा फार्म होते हुए मिस्सरवाला तक डामरीकरण
भरतपुर में काशीपुर मुख्य मार्ग से शमशान घाट तक, किलावली से गढ़ीनेगी होते हुए दुर्गापुर तक इंटरलॉकिंग टाइल्स
महुआखेड़ा शिव मंदिर से कटारमल देवता मंदिर तक डामरीकरण
कासम मल्ली वाला से मुख्य मोटर मार्ग और भरतपुर थाड़ी फार्म तक टाइल्स बिछाई जाएंगी
काशीपुर विकास खंड
कुल सड़कें: 1.5 किमी
लागत: ₹1 करोड़ 18 लाख
गंगापुर गोंसाई में मुख्य मार्ग से महेंद्र के बाग तक डामरीकरण
गुलड़िया आंतरिक मोटर मार्ग का डामरीकरण
बाजपुर विकास खंड
कुल सड़कें: 5 किमी
लागत: ₹3 करोड़ 65 लाख
शिवलालपुर डल्लू में खुशहाल सिंह रावत के घर से नाले तक, सुल्तान अहमद से शीशपाल के घर तक टाइल्स
आदर्श नगर फेस-3 से विजय सिंह नेगी के घर होते हुए बलबीर सिंह नेगी और दिनेश सिंह के घर तक टाइल्स
रम्पुराकाजी से सैफी अहमद के घर तक टाइल्स
बरखेड़ा पांडे मुख्य मार्ग से विलियंट एकेडमी और रेहटा सेहानी मार्ग तक टाइल्स

Exit mobile version