हिमालय प्रहरी

6 साल की मासूम से दुष्कर्म; मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखा कर वारदात को अंजाम देने वाला किशोर हिरासत में

खबर शेयर करें -
देहरादून। राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक कॉलोनी में छह साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय एक विधि विवादित किशोर ने बच्ची को पहले मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और फिर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को दबोच लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे अपनी हिरासत में ले लिया है। पीड़ित बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है।

आसपास ही रहते हैं दोनों परिवार, सोमवार देर शाम की है घटना

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पटेलनगर क्षेत्र की एक लेबर कॉलोनी में एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अचेत व सहमी हुई बच्ची को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर दोनों के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में देहरादून में मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। दोनों परिवारों के घर भी आसपास ही स्थित हैं।

मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखा कर दिया वारदात को अंजाम

आरोप है कि सोमवार शाम के समय किशोर बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने मोबाइल फोन पर बच्ची को अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान जब बच्ची रोने लगी, तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी किशोर को लिया संरक्षण में

सूचना मिलने पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी नाबलिग को अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं, पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी नरेश राठौर ने बताया:
“पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की लिखित शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि विवादित (नाबालिग) किशोर को हिरासत में ले लिया है और उसे संरक्षण गृह भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
Exit mobile version