देहरादून। राजधानी देहरादून के नगर निगम कार्यालय में पिछले डेढ़ साल से लगातार अजीबोगरीब हरकतें और हंगामा करने वाले एक युवक को आखिरकार पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी युवक न केवल समय-समय पर जबरन मेयर के कार्यालय में घुसकर उनकी कुर्सी पर बैठ जाता था, बल्कि विरोध करने पर निगम कर्मचारियों, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के साथ भी कई बार हाथापाई कर चुका था। शनिवार को जब युवक ने दोबारा निगम परिसर में हंगामा किया, तो आक्रोशित कर्मचारियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
डेढ़ साल से निगम कार्यालय में कर रहा था उपद्रव
नगर निगम के सुपरवाइजर दीपक बडोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह युवक पिछले डेढ़ साल से लगातार नगर निगम कार्यालय आकर ऐसी हरकतें कर रहा था। कर्मचारियों ने उसे पहले भी कई बार पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था, लेकिन उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं आया।
शनिवार को एक बार फिर युवक चुपचाप मेयर कक्ष में जा घुसा और सीधे मेयर की कुर्सी पर जाकर बैठ गया। जब निगम कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ी, तो गुस्साए कर्मचारियों ने उसे खींचकर बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पुलिसकर्मियों पर भी किया हमला, कोतवाली ले गई टीम
कर्मचारियों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक को सुरक्षित छुड़ाया। हालांकि, जब पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही थी, तो युवक ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया और हिरासत में लेकर नगर कोतवाली ले गई।
कर्मचारियों का आरोप है कि इस युवक की हरकतों की शिकायत पहले भी कई बार नगर आयुक्त और मेयर से की जा चुकी थी, लेकिन उचित कार्रवाई न होने के कारण उसका दुस्साहस बढ़ता गया।
एसपी सिटी का बयान: “मानसिक रूप से परेशान है युवक”
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि संबंधित युवक मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ और परेशान रहता है, जिसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें