हिमालय प्रहरी

सत्यापन कर रही पुलिस टीम से भिड़े युवक, दरोगा का चश्मा तोड़ा, सिपाही की वर्दी फाड़ी, पुलिसकर्मियों से गुत्थमगुत्था, दो युवक गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक तेज रफ्तार बाइक सरकारी वाहन से टकराने के बाद पुलिस और युवकों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान एक दरोगा का चश्मा तोड़ दिया गया, जबकि पुलिस वाहन चालक की वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


एसआरएफ फैक्ट्री और गड्डा कॉलोनी में चल रहा था सत्यापन अभियान


पुलिस के अनुसार शनिवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ऑपरेशन प्रहार के तहत एसआरएफ फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, कर्मचारियों और किरायेदारों का सत्यापन कर रही थी। पुलिसकर्मी पहचान एप के माध्यम से सत्यापन कार्य में जुटे थे। फैक्ट्री में सत्यापन पूरा करने के बाद पुलिस टीम गड्डा कॉलोनी क्षेत्र में अभियान चलाने पहुंची।


गलत दिशा से आई बाइक, सरकारी वाहन से हुई टक्कर


बताया गया कि गड्डा कॉलोनी पुलिया के पास एक बाइक सवार युवक तेज गति से गलत दिशा में आता हुआ पुलिस के सरकारी वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर फिसल गई और चालक पारस अधिकारी को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को उठाया और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की नसीहत दी।


समझाने पर भड़का युवक, पुलिसकर्मियों से की अभद्रता


पुलिस का आरोप है कि समझाने के बजाय युवक अचानक आक्रोशित हो गया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। इसके बाद उसने अपने परिजनों को फोन कर मौके पर बुला लिया। पुलिस टीम आगे बढ़कर सत्यापन अभियान में लग गई, लेकिन कुछ ही देर बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया।
परिजनों के साथ लौटा युवक, पुलिस वाहन के सामने खड़ी कर दी कार
एफआईआर के मुताबिक करीब 150 मीटर आगे बढ़ने पर पारस अधिकारी अपने परिजनों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उनके साथ आए पीयूष अधिकारी ने कार को पुलिस वाहन के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


सिपाही का गिरेबान पकड़ा, वर्दी फाड़ी


पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान पीयूष अधिकारी ने पुलिस चालक वीरेंद्र यादव का गिरेबान पकड़ लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि हाथापाई के दौरान सिपाही की वर्दी भी फट गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार उग्र होते गए।


दरोगा पर झपटा युवक, जमीन पर पटककर तोड़ दिया चश्मा


घटना के दौरान पारस अधिकारी ने वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी पर भी झपट्टा मार दिया। आरोप है कि उसने दरोगा का चश्मा पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे चश्मा टूट गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और आरोपियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और तीखी बहस होती रही।


अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा


मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। सूचना मिलने पर अन्य दरोगा और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपियों की महिला परिजन ने उन्हें शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों युवक लगातार हंगामा करते रहे और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते रहे।


सरकारी कार्य में बाधा और हमला करने के आरोप में गिरफ्तारी


पुलिस का कहना है कि दोनों युवक सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे थे और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर पारस अधिकारी और पीयूष अधिकारी को हिरासत में लिया गया। बाद में दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।


पुलिसकर्मियों को भी आई चोटें, मेडिकल कराया गया


घटना में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी और चालक वीरेंद्र यादव को भी चोटें आने की बात कही गई है। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट को भी विवेचना का हिस्सा बनाया जा रहा है।


बिना कागजात मिली बाइक, वाहन किया गया सीज


पुलिस के अनुसार मौके पर पारस अधिकारी द्वारा चलाई जा रही बाइक के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। ई-चालान मशीन तकनीकी कारणों से कार्य नहीं कर रही थी, जिसके चलते बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत मैनुअली सीज कर दिया गया।

 


जांच में जुटी पुलिस


कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version