हिमालय प्रहरी

छुट्टी के बाद स्कूल से अचानक लापता हुईं कक्षा 8 की तीन छात्राएं; परिजनों में कोहराम, पुलिस खंगाल रही CCTV

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर (ट्रांजिट कैंप): उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली तीन नाबालिग छात्राएं अचानक लापता हो गई हैं। शुक्रवार (22 मई) को स्कूल की छुट्टी होने के बाद तीनों बच्चियां बिना किसी को कुछ बताए कहीं चली गईं। जब काफी देर तक छात्राएं घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों में हड़कंप मच गया। हर संभावित जगह ढूंढने के बाद भी जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं लगा, तो बदहवास परिजन कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

स्कूल ड्रेस में ही थीं तीनों सहेलियां, घरवाले परेशान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप की राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी क्षेत्र के ही एक निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। बीते कल सुबह वह अपनी दो सहेलियों (जिनकी उम्र क्रमशः 13 वर्ष और 11 वर्ष है) के साथ रोजाना की तरह स्कूल गई थी। सुबह लगभग 11:00 बजे स्कूल की छुट्टी हुई, जिसके बाद तीनों सहेलियां एक साथ कहीं निकल गईं। देर शाम तक जब तीनों का कोई अता-पता नहीं चला, तो परिजनों ने आपस में संपर्क कर रिश्तेदारों, सहेलियों के घरों और आसपास के इलाकों में उनकी सघन खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। लापता होने के वक्त तीनों छात्राएं अपनी स्कूल यूनिफॉर्म (लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट व क्रीम रंग की पैंट) में थीं।

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, टीमें रवाना

तीन नाबालिग छात्राओं के एक साथ गायब होने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी देते हुए ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक (SI) महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर उन्हें संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।

पुलिस की एक टीम स्कूल के आसपास और शहर के मुख्य चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि बच्चियां स्कूल से किस दिशा में और किसके साथ गई हैं। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि हुलिए के आधार पर इन स्कूली छात्राओं के बारे में कोई भी जानकारी या सुराग मिले, तो तुरंत ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचित करें।

Exit mobile version