
राजू अनेजा,काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में एक 10 वर्षीय नाबालिग के साथ कुकर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मछली पकड़ने के बहाने तीन लोग बच्चे को गांव के ही एक खेत में बने खाली टीनशेड में ले गए और वहां छुरे की नोक पर डराकर उसके साथ कुकर्म किया। घटना के बाद आरोपितों ने किसी को जानकारी देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
मछली पकड़ने के बहाने बच्चे को ले जाने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक घटना 10 सितंबर की दोपहर की बताई गई है। बरखेड़ा पांडे गांव निवासी शिकायतकर्ता का 10 वर्षीय बेटा गांव में था। आरोप है कि गांव के ही तीन लोग बच्चे को मछली पकड़ने के बहाने अपने साथ ले गए।
बताया गया कि तीनों बच्चे को गांव में ही आरिफ के खेत पर बने एक खाली टीनशेड में ले गए। आरोप है कि वहां बच्चे को छुरा दिखाकर भयभीत किया गया और इसके बाद तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ कुकर्म किया।
मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वारदात के बाद तीनों ने बच्चे को धमकाया कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। डर के कारण बच्चा सहमा रहा। बाद में मामला परिजनों की जानकारी में आने पर पुलिस को तहरीर दी गई।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक मोहन पांडे के अनुसार तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, अपहरण समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपितों की तलाश की।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस संरक्षण में
पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी फैजान निवासी बरखेड़ा पांडे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात में शामिल बताए जा रहे दो किशोरों को विधि के अनुरूप पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
मामले की कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई मीनाक्षी मनराल, कांस्टेबल दीपक जोशी और राजेंद्र जोशी शामिल रहे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें