रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर अंतर्गत गर्जिया क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब कॉर्बेट नेशनल पार्क के जंगल से निकलकर एक विशालकाय बाघ ने दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-309) के पास आबादी से सटे क्षेत्र में एक घोड़े पर हमला कर दिया। बाघ घोड़े को अपना निवाला बनाकर खींचते हुए वापस जंगल की ओर ले गया। यह पूरी सनसनीखेज वारदात दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के समीप गर्जिया पर्यटन जोन के पुराने गेट के पास घटी, जिसके बाद से आसपास के इलाकों में गहरी दहशत का माहौल है।
आबादी के बेहद पास हुई घटना, मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि जहाँ बाघ ने घोड़े पर हमला किया, वह झूला पुल चौराहे के पास स्थित होने के कारण काफी व्यस्त और आबादी से बिल्कुल सटा हुआ क्षेत्र है। यहाँ दिन भर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही लगी रहती है। घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने के बावजूद बाघ निर्भीक होकर शिकार को घसीटकर ले गया। दिन के उजाले में आबादी के इतने नजदीक बाघ की इस तरह की बेखौफ मौजूदगी ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर आशंकाओं को बढ़ा दिया है।
वन विभाग ने गश्त बढ़ाई, झूला पुल की तरफ न जाने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुँचकर पड़ताल शुरू कर दी है और क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि वन विभाग की टीमें बाघ की लोकेशन ट्रेस करने और उसकी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखने में जुटी हुई हैं। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों से जंगल व आसपास के संवेदनशील इलाकों, विशेषकर झूला पुल की तरफ अकेले या बेवजह न जाने की सख्त अपील की है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें