रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत एक बार फिर बाघ के हमले की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामनगर के ढेला स्थित फाटो वन गुज्जर खत्ते में शुक्रवार को मवेशियों को चराने गए एक 22 वर्षीय युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए घने जंगल के भीतर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सघन सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जंगल के अंदर से युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मां और चचेरे भाई के सामने बाघ ने किया हमला, दो घंटे बाद बरामद हुआ शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ता निवासी दिलशाद (पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, उम्र 22 वर्ष) अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ अपने डेरे से महज 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान फाटो गुज्जर खत्ते में कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास सफारी मार्ग की ओर से निकले एक बाघ ने दिलशाद पर झपट्टा मार दिया और उसे जबड़े में दबोचकर जंगल के भीतर खींच ले गया।
मृतक के मामा याकूब ने बताया कि बेटे को बाघ द्वारा घसीटे जाते देख मां और चचेरे भाई के होश उड़ गए। उनके द्वारा जोर-जोर से शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और तत्काल वन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से जंगल में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दिलशाद का शव जंगल के अंदर से बरामद किया जा सका।
वन विभाग ने शुरू की पोस्टमार्टम और मुआवजे की कार्रवाई
इस दर्दनाक घटना के बाद समूचे वन गुज्जर खत्ते और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त है। वन विभाग की ओर से मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
“यह घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। एक वन गुज्जर परिवार जंगल क्षेत्र में अपने मवेशियों को चराने गया था, इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”— कृपाल सिंह बिष्ट, रेंज अधिकारी (फाटो क्षेत्र)
वहीं, तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि मृतक के पीड़ित परिजनों को वन विभाग के नियमों के तहत शीघ्र आर्थिक मुआवजा दिए जाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। क्षेत्र में बाघ की सक्रियता को देखते हुए गश्त भी बढ़ाई जा रही है।