हिमालय प्रहरी

बागेश्वर के कपकोट में दर्दनाक हादसा: मां के साथ सरयू नदी में पानी भरने गया 7 वर्षीय मासूम बहा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद के कपकोट तहसील क्षेत्र से सोमवार को एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ शिवालय मंदिर के समीप सरयू नदी में पानी भरने गया एक सात वर्षीय मासूम बालक अचानक पैर फिसलने के कारण नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से लाहुर गांव निवासी नारायण सिंह का सात वर्षीय पुत्र राकेश अपनी मां कमला देवी के साथ सरयू नदी के किनारे पानी भरने गया था। पानी भरने की कोशिश के दौरान अचानक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती नदी की तेज धारा में जा गिरा। बच्चे को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी रोशन गड़िया ने अदम्य साहस दिखाते हुए तत्काल नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने करीब 50 मीटर तक नदी के तेज बहाव के बीच बच्चे को बचाने का पुरजोर प्रयास किया, लेकिन सरयू की लहरें इतनी तेज थीं कि वह बच्चे तक नहीं पहुंच सके और मासूम आंखों से ओझल हो गया।

बच्चों की पढ़ाई के लिए कपकोट में किराए पर रहता था परिवार

पीड़ित मां कमला देवी ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा राकेश कक्षा दो का छात्र था। उसके पिता नारायण सिंह एक निजी नौकरी करते हैं। परिवार अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा-दीक्षा के लिए गांव छोड़कर कपकोट में एक किराए के मकान में रह रहा था। राकेश की एक बड़ी बहन भी है। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रशासन द्वारा स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बालक की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव (Search and Rescue) अभियान शुरू कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक नदी में बच्चे का सुराग लगाने के प्रयास जारी थे।

Exit mobile version