![]()
राजू अनेजा, काठगोदाम।मुंबई से उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के बीच कोटा होकर चल रही वीकली स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन को अब नियमित ट्रेन का दर्जा दे दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत ट्रेन का नियमित संचालन 27 मई से शुरू किया जा रहा है।
अब तक यह ट्रेन केवल त्योहारों, छुट्टियों या ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के दौरान “स्पेशल ट्रेन” के रूप में चलाई जाती थी, जिसमें यात्रियों से अतिरिक्त किराया भी वसूला जाता था। लेकिन अब ट्रेन के रेगुलर होने से यात्रियों को सालभर यह सुविधा मिलेगी और स्पेशल ट्रेन वाला अतिरिक्त चार्ज भी नहीं देना पड़ेगा।
मुंबई, सूरत, वडोदरा से हल्द्वानी-काठगोदाम तक सीधी राहत
ट्रेन के नियमित होने से कोटा, मथुरा, बरेली, हल्द्वानी, सूरत और वडोदरा सहित कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। खासकर उत्तराखंड से रोजगार और कारोबार के लिए मुंबई-गुजरात में रहने वाले लोगों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।
नए नंबर से चलेगी ट्रेन
वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के मुताबिक—
ट्रेन नंबर 09075 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब 21907 नंबर से नियमित किया गया है।
वहीं ट्रेन नंबर 09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब 21908 नंबर से संचालित होगी।
दोनों ट्रेनों को अब स्पेशल नहीं बल्कि नियमित वीकली ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा।
बुकिंग शुरू, कंफर्म सीटें भी उपलब्ध
मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के लिए ट्रेन की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं। फिलहाल कई श्रेणियों में कंफर्म टिकट भी उपलब्ध बताए जा रहे हैं।
हालांकि काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के लिए 28 मई को चलने वाली ट्रेन की बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है, जिससे यात्रियों को अगले अपडेट का इंतजार है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें