हिमालय प्रहरी

आरटीओ के नाम पर अवैध वसूली व फर्जीवाड़ा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 75 आरसी, 7 डीएल व लैपटॉप-प्रिंटर बरामद

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के पास से दबोचा। आरोप है कि दोनों आरोपी जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के समीप अपनी निजी गाड़ियों में बैठकर अवैध रूप से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का नेटवर्क चला रहे थे और निर्धारित सरकारी फीस से अधिक रकम वसूलने के साथ ही डुप्लीकेट आरसी (RC) व ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने का काम कर रहे थे।

दो अलग-अलग वाहनों से चल रहा था फर्जीवाड़ा, दबिश में पकड़े गए आरोपी

एसटीएफ के अनुसार, लंबे समय से सरकारी विभागों की आड़ में आम लोगों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वालों के संबंध में गोपनीय सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी क्रम में इनपुट मिला कि आरटीओ कार्यालय के पास दो अलग-अलग वाहनों में सवार कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से तय सरकारी शुल्क से अधिक पैसा वसूल रहे हैं।
सूचना पर एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और दो अलग-अलग गाड़ियों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ (निवासी चंदीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर) तथा दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन (निवासी ट्रांजिट कैंप) को गिरफ्तार किया गया।

सरकारी शुल्क छिपाकर करते थे वसूली, निजी गाड़ियों को बना रखा था अस्थायी कार्यालय

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से जुड़े कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क साधते थे और सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित फीस से अधिक रकम लेते थे। दोनों आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे, जिनमें लैपटॉप व प्रिंटर के जरिए दस्तावेजों से जुड़ा काम किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब के माध्यम से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की गहनता से छानबीन कर रही है।

75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद; एसटीएफ की अपील

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 तथा आरसी के साथ संलग्न आधार और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और फर्जीवाड़े में प्रयुक्त दो वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।
एसटीएफ अब जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक व तकनीकी जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली का पूरा ब्योरा सामने लाया जा सके।
“आरोपियों से बरामद दस्तावेजों और उपकरणों की विस्तृत जांच की जा रही है, साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश जारी है। आमजन से अपील है कि आरटीओ सहित किसी भी सरकारी कार्यालय के कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं और अनजान व्यक्तियों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें।”
— अजय सिंह, एसएसपी (एसटीएफ, उत्तराखंड)
Exit mobile version