
सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रगड़गाड़ तिराहे पर दबोचा, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
राजू अनेजा, काशीपुर। काशीपुर से पहाड़ तक नशे के कारोबार का नेटवर्क सक्रिय होने का एक और मामला सामने आया है। अल्मोड़ा जिले की सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान काशीपुर निवासी दो युवकों को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गांजा और बाइक को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम रगड़गाड़ तिराहे पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से कुल 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
काशीपुर और जसपुर खुर्द के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतीक अली (32 वर्ष), निवासी पैगा, कोतवाली आईटीआई, काशीपुर तथा दानिश (32 वर्ष), निवासी निजाद फार्म, जसपुर खुर्द, कोतवाली आईटीआई, काशीपुर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
संयुक्त टीम में एएसआई लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेमंत मनराल तथा कांस्टेबल नीरज पाल और रविंद्र कुमार शामिल रहे।
काशीपुर निवासी दो युवकों की पहाड़ में गांजे के साथ गिरफ्तारी ने एक बार फिर नशे के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में यह पता लगना अहम होगा कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी थी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें