
लालकुआं : उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट ‘भुवन पहाड़ी’ ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी सेनानी, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत दिवाकर भट्ट को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और राज्य के अधिकारों के लिए दिवाकर भट्ट का संघर्ष व योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका दृढ़ व्यक्तित्व और निडर नेतृत्व उत्तराखंड के सार्वजनिक जीवन की पहचान था, जिसके कारण राज्य की राजनीति में उन्हें ‘फील्ड मार्शल’ के नाम से जाना जाता था। भुवन पहाड़ी ने कहा कि साधारण परिवार में जन्मे भट्ट ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का रास्ता है।
दिवंगत नेता के संघर्षमय जीवन को याद करते हुए भुवन पहाड़ी ने बताया कि 1946 में टिहरी जिले के बड़ियारगढ़ क्षेत्र के सुपार गांव में जन्मे दिवाकर भट्ट ने मात्र 19 वर्ष की उम्र से ही जन मुद्दों को उठाना शुरू कर दिया था। उत्तराखंड आंदोलन को मजबूत करने के लिए उन्होंने भेल (BHEL) की नौकरी तक छोड़ दी और पहाड़ की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। 1995 के श्रीयंत्र टापू आंदोलन, खैट पर्वत पर उनके ऐतिहासिक अनशन और ‘घेरा डालो–डेरा डालो’ जैसे प्रभावशाली नारों ने जन आंदोलन में नई ऊर्जा भरकर युवाओं व आम लोगों को जोड़ने का काम किया।
भुवन पहाड़ी ने आगे बताया कि भट्ट का राजनीतिक सफर बेहद जमीनी रहा। उन्होंने 1983 में कीर्तिनगर के ब्लॉक प्रमुख के रूप में जनसेवा की शुरुआत की और लगभग एक दशक तक इस पद पर रहे। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य और फिर देवप्रयाग के विधायक व कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने आजीवन जनहित के मुद्दे उठाए। अंत में भुवन पहाड़ी ने ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हुए उन्हें शत्-शत् नमन किया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें