हिमालय प्रहरी

जंगल में मिले अज्ञात शव का खुलासा: अवैध संबंधों और धमकियों से तंग आकर पति ने पत्नी संग मिलकर की हत्या, दोनों गिरफ्तार

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। बीती 17 सितंबर को नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि मृतक की पहचान बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल (पुत्र उमा चरण) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी नरेंद्र और उसकी पत्नी को मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकियां देने की बात सामने आई है।
इलाज के दौरान हुई थी पहचान, तंग आकर गंगा घाट पर बुलाया और चापड़ से उतार दिया मौत के घाट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र का मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी पत्नी की मुलाकात गोपाल से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच दूरियां घटीं और नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद गोपाल महिला पर पति-बच्चों को छोड़कर साथ रहने का दबाव बनाने लगा और मना करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकियां देने लगा। महिला की आपबीती सुनकर पति नरेंद्र ने पत्नी, भाई और गांव के अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या का प्लान बनाया। 16 सितंबर को योजनाबद्ध तरीके से महिला ने गोपाल को हरिद्वार बुलाया और गंगा घाट ले गई, जहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने शराब के नशे में धुत गोपाल पर चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी तथा मोबाइल व पर्स गंगा में बहा दिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है और फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।
Exit mobile version