हल्द्वानी: ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक प्रभावी कदम उठाते हुए उत्तराखंड परिवहन विभाग के हल्द्वानी संभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह ने गुरुवार को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिले के अंतर्गत आने वाले पांचों आरटीओ (RTO) कार्यालयों के लिए आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसके तहत अब विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रत्येक शनिवार को अपने निजी वाहनों के बजाय अनिवार्य रूप से सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, टैक्सी, ऑटो या ई-रिक्शा से कार्यालय आना होगा।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश को धरातल पर उतारने की कोशिश
जारी कार्यालयादेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा ईंधन बचत के लिए दी गई अपील के क्रम में लिया गया है। विभाग का उद्देश्य केवल ईंधन बचाना ही नहीं, बल्कि समाज के सामने एक उदाहरण पेश करना भी है। डॉ. गुरदेव सिंह ने निर्देश दिए हैं कि कर्मचारी इसे मात्र एक सरकारी औपचारिकता न समझें, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए आम जनता को भी सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करें।
व्यवस्था की होगी निगरानी
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विभाग इस पहल की सफलता और व्यवहारिकता को लेकर नियमित फीडबैक भी तैयार करेगा। साथ ही, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के दौरान अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत और खामियों की निगरानी करने का भी अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में परिवहन सेवाओं में सुधार किया जा सके। इस निर्णय के बाद परिवहन विभाग के कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का नया संदेश गया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
