हिमालय प्रहरी

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में उत्तराखंड भाजपा कोर कमेटी की बैठक: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बी.एल. संतोष ने ली समीक्षा

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य की कोर कमेटी के साथ संवाद तेज कर दिया है। बुधवार को नई दिल्ली में उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष ने संगठनात्मक तैयारियों, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की रणनीति की गहन समीक्षा की।
सरकार-संगठन में बेहतर समन्वय और बूथ सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने पर विस्तृत मंथन हुआ। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रत्येक कार्यक्रम की जमीनी रिपोर्ट का आकलन करते हुए सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। यह बैठक मई में देहरादून में हुई कोर कमेटी की बैठक का फॉलोअप रही, जिसमें 70 विधानसभा क्षेत्रों के दौरों और पिछली बार कम अंतर से हारी गई सीटों के लिए बनाई गई विशेष रणनीति के क्रियान्वयन का हिसाब लिया गया।
युवा और नए मतदाताओं को साधने पर विशेष ध्यान
बैठक के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तथा 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं तक पार्टी की पहुँच बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। संगठन का मानना है कि 2027 के चुनाव में युवा वर्ग निर्णायक भूमिका निभाएगा। इसके लिए युवा मोर्चा, कॉलेज संपर्क अभियान, डिजिटल संवाद और विभिन्न राष्ट्रवादी कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को जोड़ने की कार्ययोजना बनाई गई है। हाल के महीनों में पार्टी ने प्रशिक्षण अभियानों और तिरंगा यात्रा के माध्यम से बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता को और अधिक बढ़ा दिया है।
Exit mobile version