हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड : प्रेमी के साथ नया साल मनाने जा रही मां को बेटे ने रोका तो प्रेमी ने की महिला के बेटे की हत्या

खबर शेयर करें -

प्रेमी के साथ नये साल मनाने का बेटे ने मां को रोकना काफी महंगा पड़ा गया। हरिद्वार में अवैध संबंधों के चलते मां के प्रेमी ने महिला के नाबालिग बेटे की हत्या कर दी। मर्डर करने के बाद आरोपी फरार हो गया था।

हरिद्वार पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

हरिद्वारपुलिस ने यश उर्फ क्रिष हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि रिश्तेदार युवक के नाबालिग की मां से अवैध संबंध थे। अवैध संबंध का विरोध करने और सवा करोड़ रुपये की संपत्ति के लालच में हत्या की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बुधवार को एसपी सिटी कार्यालय में प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा किया। एसएसपी के अनुसार कनखल की रविदास बस्ती निवासी यश उर्फ क्रिष (17) नए साल की पार्टी करने 31 दिसंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

एक जनवरी को दोपहर बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा किनारे उसका शव मिला था। सिर पर चोट के निशान मिले थे। यश की मां ने अमित कटारिया निवासी रविदास बस्ती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी ने बताया कि यश की मां नगर निगम हरिद्वार में कर्मचारी है।

पति की मौत होने के बाद महिला को निगम में नौकरी मिली थी। पुलिस का दावा है कि जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले अमित कटारिया से उसके अवैध संबंध हो गए थे। दोनों रिश्ते में चाची-भतीजे लगते हैं। यश को दोनों के बीच संबंध का शक होने लगा था। वह दोनों को मिलने से मना करता था।

इसीलिए अमित ने हत्या की साजिश रची। 31 दिसंबर की रात को अमित अपने साथ यश को ले गया और हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अमित कटारिया उर्फ खली पुत्र अशोक कटारिया निवासी रविदास बस्ती थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया गया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में सीओ सिटी जूही मनराल, इंस्पेक्टर कनखल अमरचंद शर्मा, एसएसआई बबलू चौहान आदि शामिल रहे।

पहले पिलाई शराब, फिर पत्थरों से सिर कुचला

आरोपी अमित अपने परिचित राहुल और विशाल के साथ यश को मिस्सरपुर ले गया। जहां चारों लोगों ने शराब पी। शाम सात बजे के आसपास अमित ने उन युवकों को घर भेज दिया। यश को ज्वालापुर खरीदारी के लिए ले गया। उसके बाद यश को बैरागी के पास ले जाकर फिर शराब पिलाई।

जब यश नशे में हो गया तो पहले रस्सी से गला घोटा और फिर पत्थरों से सिर पर वार कर हत्या कर दी। उसने शव और स्कूटी बैरागी के पास ढलान में नीचे नदी की ओर गिरा दी। जिससे हत्या को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

घर लौटकर वह रात भर सोया नहीं। हत्या करते वक्त उसके जूते व मौजों में खून के छींटे पड़ गए थे। वह फिर यश के घर गया। वहां पूछने पर अमित का कहना था कि पान की पीक गिरी है। पुलिस ने उसकी निशादेही पर मृतक यश का मोबाइल फोन और अमित की टी-शर्ट बरामद कर ली।

रिश्ते में था भाई

आरोपी अमित कटारिया रिश्ते में यश का बड़ा भाई था। उसकी हत्या करते हुए उसके हाथ नहीं कांपे। आखिर अवैध संबंधों का विरोध ही यश की मौत का कारण बन गया।

हत्या से पहले शॉपिंग कराई
आरोपी ने यश को नए साल के लिए पहले ज्वालापुर से शॉपिंग कराई। जूते और कपड़े दिलाए थे, जो हत्याकांड के खुलासे में मददगार साबित हुए। यश के शव के पास एक कंपनी के जूते का टैग मिला था। पुलिस जांच में पता चला कि यह जूता अमित ने यश को 31 दिसंबर को दिलाया था।

शव की तलाश करवाता रहा
आरोपी ने सिर पर पत्थरों से वार कर शव को गंगा किनारे से फेंक दिया था। अगले दिन आरोपी ने खुद ही शव गंगा से बरामद करवाते हुए परिजनों को जानकारी दी थी। जिससे उस पर किसी को संदेह न हो सके। पुलिस को घटना की जानकारी भी स्वयं दी थी।

आरोपी ने ही यश का शव बरामद कराया था। महिला के रिश्तेदारों को पहले ही आरोपी अमित पर शक हो गया था। यश की बुआ पहले ही दिन से आरोपी पर संदेश जता रही थी।

मां को ऋषिकेश जाने से था रोका
मां तुम ऋषिकेश नहीं जाओगी चाहे जो हो जाए, यह शब्द यश ने अपने मां को कहे थे। जिसके बाद से अमित कटारिया की रिश्ते के भाई से चिढ़ और बढ़ गई। पुलिस के अनुसार महिला और उसका प्रेमी नए साल का जश्न मनाने के लिए ऋषिकेश जाना चाहते थे।

अमित ने अपने परिवार को बाहर भेज दिया था। अमित ने ऋषिकेश में बुकिंग भी करा ली थी। लेकिन अंतिम समय पर यश ने अपनी मां को मना कर दिया। इस बात की जानकारी मां ने अमित को दे दी। नए साल पर जश्न मनाने की प्लानिंग खराब होने से अमित ज्यादा नाराज हो गया था।

इकलौता वारिस था यश

एसएसपी ने बताया कि महिला ने मिस्सरपुर में एक और मकान बनाया। इसका पूरा काम अमित की देखरेख में हुआ, दोनों इसी मकान में मिलने लगे थे। आरोपी की नजर कनखल और मिस्सरपुर स्थित करीब सवा करोड़ की संपत्ति पर थी।

यश इसका इकलौता वारिस था। कुछ समय पहले उसे दोनों के अवैध संबंधों का भी पता चल गया था। वह इसका विरोध करता था। मां ने इस बारे में प्रेमी को बताया था। करीब पांच,छह साल से दोनों के बीच अवैध संबंध थे।

Exit mobile version