
टिहरी गढ़वाल:
टिहरी जिले के जाखणीधार बाजार में एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान एक स्थानीय मांस कारोबारी के रूप में हुई है, जिसने रविवार शाम को नाबालिग को फुसलाकर अपनी दुकान के भीतर बंद कर लिया था। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों और दक्षिणपंथी संगठनों के भारी आक्रोश को देखते हुए टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शाम को दुकान में बंद किया, ग्रामीणों को हुआ शक
जानकारी के अनुसार, जाखणीधार बाजार में बीते दो वर्षों से मांस की दुकान चला रहे आरोपी रईस अहमद (35 वर्ष) ने रविवार शाम एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के अंदर बुलाया और दरवाजा बंद कर लिया। जब करीब आधे घंटे तक लड़की दुकान से बाहर नहीं निकली, तो आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जैसे ही लोग दुकान की ओर बढ़े, भीड़ को आता देख आरोपी ने दरवाजा खोलकर लड़की को बाहर भेज दिया।
बाजार खाली करने की चेतावनी और उग्र प्रदर्शन
घटना की भनक लगते ही पूरे जाखणीधार बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने आरोपी को तुरंत बाजार खाली करने की सख्त चेतावनी दी है। घटना के विरोध में ‘विश्व हिंदू परिषद’ और ‘बजंरग दल’ के कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी पर नाबालिग को ‘लव जिहाद’ में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी से इस पूरे नेक्सस की गहन जांच कराने की मांग की है।
यूपी का रहने वाला है आरोपी, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि सोमवार सुबह ही पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया था। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी रईस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।
“आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। आरोपी रईस अहमद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले (धामपुर) का निवासी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।”
— श्वेता चौबे, एसएसपी, टिहरी
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें